

अंबिकापुर: सरगुजा जिले की खिलाड़ी रिंकी सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतकर जिले, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन किया है। रिंकी ने नेपाल की राजधानी काठमांडू में 3 से 7 मई 2026 तक आयोजित 3rd इंटरनेशनल टारगेटबॉल अचीवर्स कप 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।
सरगुजा जैसे दूरस्थ एवं सीमित संसाधनों वाले क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतना रिंकी सिंह की कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण का परिणाम है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों एवं खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि रिंकी सिंह लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आ रही हैं। इससे पहले भी वह कई पदक एवं सम्मान हासिल कर चुकी हैं, लेकिन इस बार नेपाल में आयोजित 3rd इंटरनेशनल टारगेटबॉल अचीवर्स कप 2026 में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीतना उनकी अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है।रिंकी ने अपने शानदार खेल, आत्मविश्वास और मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह सफलता सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों एवं बेटियों के लिए प्रेरणा का विषय है।
इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, कोचों, खिलाड़ियों एवं विभिन्न खेल संघों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





















