

रायपुर. छत्तीसगढ़ में पिछले एक दिन के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई, जिससे लोगों को हल्की राहत मिली। हालांकि मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। आज से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी शुरू हो सकती है और आने वाले दिनों में पारा लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है।
कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज गर्मी का असर
रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम ने करवट ली। एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मनेंद्रगढ़, पेंड्रा रोड और माना-रायपुर क्षेत्र में लगभग 3 सेमी वर्षा हुई, जबकि लाभांडीह, बिलासपुर और रायपुर में 2 सेमी पानी गिरा। इसके अलावा मोहला, अंबागढ़ चौकी, लोरमी, तखतपुर और सकरी में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं दूसरी ओर दुर्ग सबसे ज्यादा गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
आसमान में बन रहे कई सिस्टम, मौसम पर पड़ेगा असर
मौसम वैज्ञानिक एच. पी. चंद्रा के अनुसार वर्तमान में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ 56 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर अक्षांश पर मौजूद है। इसके साथ ही मध्य प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है।
राजस्थान से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ के ऊपर से गुजर रही है, जो लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली है। इसके अलावा ऊपरी वायुमंडल में 7.6 किलोमीटर ऊंचाई पर एक और द्रोणिका उत्तर पूर्व बिहार से तटीय आंध्र प्रदेश तक सक्रिय है।
दक्षिण क्षेत्र में मन्नार की खाड़ी और श्रीलंका के आसपास भी चक्रीय परिसंचरण बना हुआ है, जो 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
बंगाल की खाड़ी में बन सकता है नया सिस्टम
इन सभी मौसमी गतिविधियों के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर अगले 48 घंटों के भीतर एक निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना जताई गई है। इसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है।
आज बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने के संकेत
प्रदेश में आज एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज अंधड़, बिजली गिरने और तेज हवाओं के भी आसार बने हुए हैं। इसके साथ ही अब तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी का दौर शुरू होने की संभावना है।
रायपुर का मौसम: दोपहर बाद बदल सकता है मिजाज
राजधानी रायपुर में आज दोपहर के बाद आसमान में बादल छाने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है।





















