

अंबिकापुर: पुलिस उप महानिरीक्षक के निर्देशानुसार जिले की पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक रविवार ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में जिले के अधिकारी एवं कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
जानकारी के अनुसार हर रविवार दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक दो घंटे का प्रशिक्षण सत्र आयोजित होगा। प्रशिक्षण में पुलिसिंग, न्यायालयीन प्रक्रिया, शिकायतों के निराकरण, अपराध पंजीयन, प्रारंभिक जांच, उचित धाराएं लगाने और केस विवरण लेखन जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल को बनाया गया है। आवश्यकता पड़ने पर विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ एवं अतिथि प्रशिक्षकों को भी शामिल किया जाएगा।रविवार 10 मई 2026 को आयोजित प्रशिक्षण में शिकायतकर्ता से व्यवहार, शिकायत पर कार्रवाई की प्रक्रिया, अपराध दर्ज करने के नियम तथा सीसीटीवी फुटेज देखने एवं DVR/NVR संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान जिले के थाना प्रभारी सहित कार्यालयीन अधिकारी एवं कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर प्रशिक्षण प्राप्त किए।





















