धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राजोद थाना क्षेत्र के गोंदी खेड़ा चारण गांव में हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है, जहां देर रात घर में घुसे बदमाशों ने एक व्यापारी की हत्या कर दी और लाखों का सामान लूटकर फरार हो गए।

आधी रात घर में घुसे 8 से 10 हथियारबंद आरोपी

जानकारी के अनुसार, मिर्ची व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित के घर में रात करीब 1 से 2 बजे के बीच 8 से 10 अज्ञात बदमाश घुस आए। उस समय देवकृष्ण अपनी पत्नी के साथ कमरे में सो रहे थे। बदमाश सीधे कमरे में पहुंचे और दंपति को बंधक बना लिया।

पत्नी को अलग कर बेरहमी से की मारपीट

आरोपियों ने पहले पति पत्नी के साथ मारपीट की और फिर महिला को जबरन दूसरे कमरे में बंद कर दिया। बदमाशों ने उससे घर में रखे नकद और गहनों की जानकारी ली। डर के चलते महिला ने सब कुछ बता दिया, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट जारी रखी।

व्यापारी को कमरे में ले जाकर पीटा, हुई मौत

बदमाशों ने देवकृष्ण पुरोहित को दूसरे कमरे में ले जाकर उनके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और लगातार मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण उनकी हालत बिगड़ती गई। परिवार के अन्य सदस्य जाग तो गए, लेकिन हथियारबंद आरोपियों के सामने कुछ नहीं कर सके। बाद में अस्पताल ले जाते समय व्यापारी ने दम तोड़ दिया।

नकदी और जेवर लेकर फरार हुए आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर में रखे लाखों रुपये नकद और आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर, एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार, राजोद थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, हालांकि अब तक आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

इलाके में गुस्सा और डर का माहौल

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में लगातार बढ़ रही लूट और हत्या की घटनाओं से भय का माहौल बन गया है और पुलिस इन पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!