

जबलपुर : में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार और लापरवाही अब आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे पाटन चौराहे पर एक बड़ा हादसा हो गया, जब घास से लदी ट्रैक्टर ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
बाइक सवार आए चपेट में
घटना के समय चौराहे के किनारे दो बाइक सवार खड़े थे, जो कांटी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। ट्राली के पलटते ही दोनों इसकी जद में आ गए। हादसे के दौरान एक युवक ने फुर्ती दिखाते हुए कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि दूसरा युवक साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल युवक को तुरंत पाटन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत को लेकर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।
मोड़ लेते वक्त हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर ट्राली जैसे ही पाटन चौराहे से जबलपुर की ओर मुड़ी, चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया।
पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ट्रैक्टर ट्राली को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

































