

लखनपुर/प्रिंस सोनी: लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंवरपुर नहर में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने शव की पहचान नटवरलाल अग्रवाल (46) निवासी जिला कोरबा के रूप में की है। शव मिलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 22 मार्च रविवार की शाम करीब 7:30 बजे स्थानीय लोगों ने कुंवरपुर नहर में एक शव देखा और तत्काल इसकी सूचना लखनपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच प्रारंभ की।अगले दिन सोमवार सुबह पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ दोबारा घटनास्थल पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान नटवरलाल अग्रवाल, पिता स्वर्गीय प्रहलाद अग्रवाल, निवासी तिलकेजा थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई।पुलिस ने मौके से मृतक की चप्पल, स्कूटी सहित अन्य जरूरी सामान भी बरामद कर जब्त कर लिया है। इसके बाद शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत सोमवार दोपहर करीब 2 बजे शव परिजनों को सौंप दिया गया।मामले में कमल नारायण अग्रवाल की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच तेज कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक करीब 15 दिन पहले ठेकेदारी के काम के सिलसिले में अंबिकापुर आया हुआ था और तभी से उसका संपर्क परिजनों से नहीं हो पा रहा था।
फिलहाल पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
































