नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में बढ़ते तापमान के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 15 से 19 मार्च के बीच दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, वहीं कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। दूसरी ओर कुछ राज्यों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ ही हीटवेव का खतरा भी बना हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, जहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च को बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 18 और 19 मार्च को हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 15 और 16 मार्च को ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि हिमाचल प्रदेश में 15 से 19 मार्च के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 15 से 17 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। ओडिशा में 14 से 18 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर वर्षा का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। तेलंगाना में 15 से 18 मार्च के बीच बारिश हो सकती है, जबकि तटीय आंध्र प्रदेश में 16 मार्च को भारी बारिश का अनुमान है। कर्नाटक और तमिलनाडु में 17 और 18 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। केरल में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

पश्चिमी भारत के गुजरात क्षेत्र में 18 और 19 मार्च को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं विदर्भ, झारखंड और ओडिशा में उष्ण लहर चलने का खतरा बना हुआ है। कोंकण, गोवा और केरल में गर्म और आर्द्र मौसम बना रहने की संभावना है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!