अंबिकापुर: सरगुजा जिले में अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। राजेश अग्रवाल के निर्देशन में रविवार को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जांच एवं सत्यापन अभियान संचालित किया गया, जिसमें लगभग 750 लोगों का भौतिक सत्यापन किया गया।

पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर की भीतरी और बाहरी कॉलोनियों, बस्तियों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किरायेदारों और मुसाफिरों से पूछताछ की। अभियान के दौरान करीब 350 मकानों में रह रहे लोगों के पहचान पत्रों और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई।गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाषनगर, भगवानपुर और फूंदुरडिहारी सहित कोतवाली थाना क्षेत्र के नवागढ़ और सत्तीपारा तथा मणिपुर थाना क्षेत्र के बंजारी, लक्ष्मीपुर और मठपारा समेत कई इलाकों में पुलिस ने विशेष जांच अभियान चलाया। इसके अलावा ग्रामीण थाना क्षेत्रों में भी बाहरी लोगों की अधिक संख्या वाले इलाकों में सत्यापन की कार्रवाई की गई।पुलिस ने मकान मालिकों को बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर मकान नहीं देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किरायेदार की पूरी जानकारी, पहचान पत्र, मोबाइल नंबर, स्थायी पता और पूर्व निवास संबंधी विवरण संबंधित थाना या चौकी में उपलब्ध कराने को कहा गया है।बाहरी राज्यों से आए किरायेदारों और मुसाफिरों को अपने पहचान दस्तावेजों के साथ स्थानीय थाना में मुसाफिरी दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति अवैध रूप से रह रहा हो या उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होती हों, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 9479193599 अथवा डायल 112 पर दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!