


अंबिकापुर / लखनपुर: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित अमेरा ओपन कोयला खदान में प्रतिबंधित क्षेत्र से संगठित रूप से कोयला चोरी और तस्करी किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 1.5 टन कोयला, 13 साइकिल और 19 मोटरसाइकिल जब्त की हैं। जब्त मशरुका की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देश पर थाना लखनपुर पुलिस टीम द्वारा की गई।

दरअसल पुलिस को लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि अमेरा कोयला खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में प्रवेश कर संगठित तरीके से कोयले की चोरी कर रहे हैं। बताया गया कि कोयला तस्कर खदान से कोयला निकालकर साइकिल और मोटरसाइकिल के माध्यम से उसे अन्य स्थानों तक पहुंचा रहे थे। सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोकने पर आरोपियों के समर्थन में अन्य लोग एकत्र होकर गाली-गलौज, धमकी और मारपीट पर उतर आते थे, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी व एसएसपी सरगुजा ने थाना लखनपुर पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अमेरा खदान क्षेत्र में दबिश दी और मौके से कोयला चोरी में लिप्त 21 लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने संगठित रूप से कोयला चोरी और तस्करी में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.5 टन कोयला, 13 साइकिल और 19 मोटरसाइकिल जब्त कीं, जिनका उपयोग चोरी किए गए कोयले को ढोने में किया जा रहा था। आरोपियों के विरुद्ध थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक 32/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 329(3), 303(2) एवं 112(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खदान क्षेत्र के आसपास नदियों के मुहानों पर अवैध उत्खनन के लिए खोदे गए गड्ढों को भी जेसीबी मशीन से पाटकर समतल कराया। इससे क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने का प्रयास किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण तुल सिंह पट्टावी, थाना प्रभारी लखनपुर संपत पोटाई सहित थाना लखनपुर पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से शामिल रहे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. पन्डरू राजवाड़े
2. धनेश्वर राजवाड़े
3. सपुरन
4. भीन्गल राम
5. राजेन्द्र प्रसाद
6. रामदेव
7. अनीष राजवाड़े
8. सोनसाय
9. रजन प्रसाद उर्फ जगेश्वर
10. सुखसाय
11. चमरू
12. चंदलाल
13. बीरदेव
14. रामकुमार
15. अमरेश
16. मनीजर
17. नीलम
18. फेंकू राम
19. अनुज यादव
20. चंद्रभान
21. हरेश प्रसाद
































