


(अभिषेक सोनी) कोरिया। आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से कोरिया पुलिस द्वारा एक अभिनव जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत सोशल मीडिया को सशक्त माध्यम बनाते हुए पुलिस लगातार लोगों को कानून, यातायात नियमों एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जागरूक कर रही है।

कोरिया पुलिस द्वारा जारी किए जा रहे जागरूकता पोस्टरों में तीन सवारी न चलने, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में जेबकटी से सतर्क रहने, मोबाइल व पर्स सुरक्षित रखने, सार्वजनिक स्थलों पर जन्मदिन अथवा जश्न न मनाने तथा महिलाओं से छेड़छाड़ जैसे अपराधों के कानूनी प्रावधानों की जानकारी सरल व चित्रात्मक रूप में दी जा रही है। इन संदेशों के माध्यम से पुलिस आम नागरिकों को यह समझाने का प्रयास कर रही है कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी घटना का कारण बन सकती है।

इस जनहित अभियान के जरिए पुलिस यह भी स्पष्ट कर रही है कि सार्वजनिक स्थानों पर जश्न मनाना कानूनन अपराध है, वहीं महिलाओं से छेड़छाड़ BNS की धारा 74 के अंतर्गत दंडनीय अपराध है। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन एवं भीड़ में असावधानी आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई तक सीमित न रहकर समाज में जागरूकता पैदा करना है। अधिकारियों का मानना है कि जब नागरिक स्वयं सतर्क और जागरूक होंगे, तभी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
































