


अंबिकापुर: शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल देव होटल के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक फायरिंग की आवाज से लोग सहम गए। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल के बाहर मौजूद कुछ लोगों के बीच पहले विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। इसी दौरान दो बार हवाई फायरिंग की गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग इधर-उधर भागने लगे और आसपास की दुकानें भी कुछ देर के लिए बंद कर दी गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह विवाद दो गुटों के बीच हुआ है, जिनके बीच पहले भी कहासुनी और झगड़े की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते ही यह मामला दोबारा भड़का और बात फायरिंग तक पहुंच गई।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। हालांकि, फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस ने स्पष्ट रूप से पुष्टि करने से इनकार किया है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने हवाई फायरिंग की बात कही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।घटना के बाद शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।
पुलिस का कहना है देव होटल के पास गोली चलने की सूचना प्राप्त होने पर जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौक़े पर पहुंचकर मामले की जांच विवेचना कर रहे है, जांच मे आए तथ्यों के आधार पर मामले मे अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जायगी।
































