दुर्ग: शहर के पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आठ छात्र संदिग्ध नशे की दवा खाने के बाद अचानक बीमार होकर बेहोश हो गए। सभी छात्रों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, छात्रों के साथ पढ़ने वाले एक छात्र ने ही उन्हें यह दवा दी थी। दवा का सेवन करने के कुछ समय बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और वे एक-एक कर बेहोश हो गए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने तत्काल सभी छात्रों को अस्पताल पहुंचाया।

एक छात्र आईसीयू में भर्ती

घटना में छात्र नैतिक रामटेक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अन्य छात्रों की भी चिकित्सकीय निगरानी में उपचार जारी है। डॉक्टर सभी बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना से नाराज परिजन कोतवाली थाना पहुंचे और दवा देने वाले छात्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि बच्चों को कौन-सी दवा दी गई थी, वह कहां से लाई गई और घटना किन परिस्थितियों में हुई।

घर से दवा लाने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि जिस छात्र पर दवा देने का आरोप है, उसके परिवार का एक सदस्य मानसिक बीमारी से पीड़ित बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि संबंधित छात्र दवा घर से लेकर आया हो। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई

फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि दवा की पहचान, उसके स्रोत और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!