

नारायणपुर: नक्सल मुक्त घोषित नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत 133वीं वाहिनी बीएसएफ और बम निरोधक दस्ते (BDS) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का बड़ा हथियार और सामग्री का जखीरा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान बरामद 44 बीजीएल शेल को सुरक्षा की दृष्टि से मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को 133वीं वाहिनी बीएसएफ सोनपुर की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कदेर के समीप जंगल क्षेत्र में नक्सलियों ने हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री छिपाकर रखी है। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया। संदिग्ध स्थान की जांच बम निरोधक दस्ता (BDS) द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए की गई। जमीन की खुदाई करने पर हथियार, गोला-बारूद, संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, चिकित्सा सामग्री, नक्सली साहित्य और अन्य उपयोगी सामग्री बरामद हुई।
बरामद सामग्री में एक .303 राइफल, छह .315 राइफल, एक 12 बोर बंदूक, दो बीजीएल, विभिन्न प्रकार के कारतूस, राइफल मैगजीन, मैगजीन पाउच, आरएफ डिटेक्टर, एंटीना, जीपीएस, पेन ड्राइव, मेमोरी कार्ड, नक्सली वर्दी, नक्सली साहित्य, बैनर, चिकित्सा सामग्री और अन्य उपकरण शामिल हैं।कार्रवाई के दौरान 24 बड़े और 20 छोटे बीजीएल शेल, कुल 44 शेल बरामद हुए। इन्हें संभावित खतरे को देखते हुए बम निरोधक दस्ता (BDS) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से डिस्पोज कर नष्ट कर दिया। इसलिए इन्हें जब्त सामग्री में शामिल नहीं किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद अन्य सामग्री के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नक्सल मुक्त क्षेत्रों में सुरक्षा बल लगातार सर्चिंग अभियान चला रहे हैं, ताकि नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री को बरामद कर क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।










