
अंबिकापुर: यातायात नियमों का उल्लंघन कर शराब के नशे में वाहन चलाने और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के मोटरसाइकिल चलाने वाले चालक को न्यायालय ने 15 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। यह कार्रवाई थाना बतौली पुलिस की ओर से की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बतौली पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस टीम ने बिना नंबर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल को रोककर चालक से पूछताछ की।चालक ने अपना नाम सत्यनारायण ठाकुर (29 वर्ष), पिता ठाकुर राम, निवासी नवापारा, थाना दरिमा, जिला सरगुजा बताया। जांच के दौरान चालक शराब के नशे में पाया गया। मेडिकल परीक्षण में भी उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। साथ ही उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं पाया गया।मामले में बतौली पुलिस ने आरोपी चालक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 एवं 3/181 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय ने चालक को 15,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर सहित थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।











