
इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर एक बार फिर घरेलू टी20 क्रिकेट के रोमांच का गवाह बनने जा रही है। 14 नवंबर से शहर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले शुरू होंगे। टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप-बी के सभी मैच होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर खेले जाएंगे। इस दौरान देश की आठ टीमें मैदान में उतरेंगी।
टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और उमरान मलिक जैसे चर्चित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास बात यह है कि दर्शकों को स्टेडियम में मैच देखने के लिए कोई टिकट नहीं खरीदना होगा। इंदौर को इस प्रतियोगिता के कुल 21 मुकाबलों की मेजबानी मिली है।
15 साल के वैभव सूर्यवंशी को बिहार की कप्तानी
इस सीजन में सबसे अधिक चर्चा युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को मिली जिम्मेदारी की है। महज 15 साल की उम्र में उन्हें बिहार टीम की कप्तानी सौंपी गई है। उनकी अगुवाई में बिहार की टीम 14 नवंबर को सौराष्ट्र के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी।इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा और तेज गेंदबाज उमरान मलिक भी खेलते नजर आएंगे। ऐसे में इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों को कई बड़े खिलाड़ियों का खेल करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क
क्रिकेट प्रशंसकों को मुकाबले देखने के लिए टिकट की चिंता नहीं करनी होगी। होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान में होने वाले मैचों के लिए दर्शकों का प्रवेश निशुल्क रखा गया है। इससे स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को घरेलू टी20 मुकाबलों का रोमांच सीधे मैदान से देखने का मौका मिलेगा।
वैभव और उमरान ने शुरू की तैयारी
टूर्नामेंट के लिए बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज उमरान मलिक इंदौर पहुंच चुके हैं। दोनों खिलाड़ी अभ्यास सत्र में जमकर पसीना बहा रहे हैं। जम्मू-कश्मीर की टीम ने भी होलकर स्टेडियम में अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बिहार की टीम सौराष्ट्र के खिलाफ शुरुआती मुकाबले को लेकर अभ्यास में जुटी है। दोनों टीमों के बीच यह मैच 14 नवंबर को सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। 21 मुकाबलों की मेजबानी मिलने से इंदौर में अगले कुछ दिनों तक घरेलू टी20 क्रिकेट का खास माहौल रहने वाला है।











