

अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए छह संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के बाद उनके कब्जे से 7 नग तिरपाल, 50 लीटर डीजल एवं एक बैटरी बरामद की है। बरामद सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 जुलाई 2026 को थाना लखनपुर पुलिस की टीम ग्राम पुहपुटरा, चिलबिल और कटकोना क्षेत्र में गश्त एवं जांच के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम पुहपुटरा के कुछ व्यक्तियों ने चोरी का तिरपाल, डीजल एवं बैटरी छिपाकर रखा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ शुरू की।पूछताछ के दौरान आरोपितों ने अपना नाम अरविंद पैकरा (23 वर्ष), फेकूराम (40 वर्ष), जितेंद्र कुमार (24 वर्ष), सरजू रजक (24 वर्ष), बुधन राजवाड़े (25 वर्ष) तथा मनोज राजवाड़े (24 वर्ष) निवासी ग्राम पुहपुटरा, थाना लखनपुर, जिला सरगुजा बताया। तलाशी और पूछताछ के दौरान इनके कब्जे से 7 तिरपाल, 50 लीटर डीजल और एक बैटरी बरामद की गई।पुलिस ने धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी कर जब्त सामान के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा, लेकिन संबंधित व्यक्ति किसी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच के दौरान उनका कृत्य भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध की श्रेणी में पाया गया।इसके बाद पुलिस ने मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपितों के विरुद्ध धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें तहसीलदार लखनपुर के समक्ष पेश किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरी कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष कुमार, सहायक उप निरीक्षक परशु पैकरा, प्रधान आरक्षक प्रवीण चंद तिवारी, अजय पाण्डेय तथा आरक्षक दशरथ राजवाड़े, सुरेश गुप्ता, कुश सोनी और रामकुमार यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










