
भोपाल सेंट्रल जेल में जन्माष्टमी के अवसर पर इस बार माहौल कुछ अलग नजर आया। ऊंची दीवारों और सुरक्षा व्यवस्था के बीच बंदियों ने भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। जेल परिसर में भक्ति गीतों की गूंज सुनाई दी और पूरा वातावरण कृष्ण भक्ति में रंग गया।इस विशेष आयोजन में मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना कर आरती की और जेल में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में हिस्सा लिया।
पात्र बंदियों को सजा में मिलेगी एक महीने की विशेष छूट
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बंदियों के लिए अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि जेल में बंद सभी पात्र बंदियों को उनकी पात्रता के अनुसार सजा में एक महीने की विशेष छूट दी जाएगी। इस घोषणा को जेल में रह रहे पात्र बंदियों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।
जेल विभाग के कर्मचारियों को मिला सम्मान
मुख्यमंत्री ने जन्माष्टमी कार्यक्रम के दौरान जेल विभाग के छह अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके साहसिक कार्यों के लिए सम्मानित भी किया। उन्होंने जेल प्रशासन से जुड़े कर्मचारियों की जिम्मेदारियों और सेवाओं की सराहना की।
खुली जेलों की संख्या बढ़ाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने जेल व्यवस्था में सुधार को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने बताया कि जेल विभाग में नए पदों का सृजन किया जाएगा और पदोन्नति की प्रक्रिया के जरिए विभागीय कामकाज को बेहतर बनाया जाएगा।
प्रदेश में खुली जेलों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी सरकार काम करेगी। महिलाओं के लिए अलग खुली जेल की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है। इसके अलावा भोपाल केंद्रीय जेल में मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भी जल्द शुरू किए जाने की बात मुख्यमंत्री ने कही।
सोशल मीडिया पोस्ट में सीएम ने साझा की कार्यक्रम की जानकारी
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जन्माष्टमी महोत्सव की तस्वीरें और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान जेल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया तथा पात्र बंदियों को सजा में एक महीने की विशेष छूट देने की घोषणा की गई।




















