Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की उत्तराखंड के हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर विवाद अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गया है। बेंगलुरु की विधान सौधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की है।मामला 8 अगस्त का है, जब हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा को संबोधित किया था। शिकायत के अनुसार, इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को बीजेपी से जुड़े कुछ लोगों ने उसी मैदान में धार्मिक अनुष्ठान कर कथित तौर पर शुद्धिकरण कराया।

शिकायत में जातिगत भेदभाव का लगाया गया आरोप

शिकायतकर्ता टीआर रामप्पा ने आरोप लगाया है कि शुद्धिकरण कार्यक्रम के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि अनुसूचित जाति से आने वाले मल्लिकार्जुन खड़गे के वहां आने से मैदान अपवित्र हो गया था। शिकायत में इसी आधार पर घटना को जातिगत भेदभाव से जोड़ते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।पुलिस ने कानूनी राय लेने के बाद 4 सितंबर को मामला दर्ज किया। FIR में भारतीय न्याय संहिता के साथ SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम के संबंधित प्रावधान लगाए गए हैं।

महेंद्र भट्ट का नाम भी FIR में शामिल

शिकायत में उत्तराखंड बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को भी आरोपी पक्ष में शामिल किया गया है। आरोप है कि उन्होंने कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम का मीडिया के सामने बचाव किया था। अब पुलिस FIR दर्ज करने के बाद पूरे मामले से जुड़े आरोपों, आयोजन और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच करेगी।

कांग्रेस ने जेपी नड्डा से भी की थी कार्रवाई की मांग

विवाद सामने आने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर लगातार हमला बोला था। मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। कांग्रेस ने शिकायत के बावजूद FIR दर्ज नहीं होने को लेकर भी सवाल उठाए थे।दूसरी ओर, बीजेपी और उत्तराखंड सरकार ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि धार्मिक आयोजन को जातिगत भेदभाव से जोड़कर राजनीतिक मुद्दा बनाया जा रहा है। अब FIR दर्ज होने के बाद इस पूरे विवाद की जांच पुलिस के स्तर पर आगे बढ़ेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!