
भोपाल: सागर जिले के बंडा तहसील क्षेत्र के ग्राम गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन में शराब पीने से दस लोगों की मृत्यु के मामले में राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। उपमुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर मंत्री जगदीश देवड़ा ने आबकारी अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को ग्वालियर मुख्यालय अटैच किया गया है एवं सहायक आयुक्त आबकारी सागर कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी सागर दिलीप खंडाते और आबकारी उप निरीक्षक वृत्त बंडा प्रोशनी उरेती को निलंबित कर दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “इस हादसे के पीछे जो भी व्यक्ति जिम्मेदार होगा, उसे किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार इस पूरे प्रकरण में सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।” उन्होंने कहा कि अवैध अथवा नकली शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़े किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभागीय स्तर पर यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी जवाबदेही तय की जाएगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। शराब के स्रोत, उसकी आपूर्ति तथा घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। शासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में सामने आने वाले प्रत्येक दोषी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सागर के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब पीने से हुई मौतों को अत्यंत दुखद और गंभीर घटना बताया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली है। आबकारी आयुक्त को तत्काल मौके पर पहुंचकर घटना की जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और पूरे मामले में संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, जांच कराकर दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में शराब के सेवन से मृत्यु होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को विदेश दौरे पर रवाना होने से पहले नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा में यह बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सागर जिले के प्रभारी मंत्री एवं अधिकारियों को घटना की तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जांच के बाद इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।




















