मनेंद्रगढ़-चिरमिरी:  छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। केल्हारी थाना क्षेत्र के सेमरमथानी मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस मालिक समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 यात्री घायल हो गए। घायलों में बस चालक सहित 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मोड़ पर अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बस

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी। बस में 40 से 50 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दोपहर करीब 2 बजे सेमरमथानी मोड़ के पास चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस तथा मेडिकल टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

15 गंभीर घायलों को मनेंद्रगढ़ किया गया रेफर

हादसे में घायल करीब 25 यात्रियों में से 15 को बेहतर उपचार के लिए मनेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, शेष 10 घायलों का इलाज केल्हारी में जारी है। बस चालक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल बस के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!