
अंबिकापुर: सरगुजा जिले में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की कथित तौर पर मारपीट कर हत्या करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में लोहे के पाइप और लकड़ी के डंडे का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, लकड़ी का डंडा, कराकट शीट का टुकड़ा और मृतिका की टूटी हुई चूड़ी जब्त की है।
घरेलू बात को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर 2026 की है। आरोपी आलोक गिरी (36 वर्ष), निवासी ग्राम केपी बाबापारा, थाना अंबिकापुर, का अपनी पत्नी मानमति से घरेलू बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने लोहे के पाइप और लकड़ी के सूखे डंडे से पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मामले में मालती देवी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 737/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पूछताछ में अपराध स्वीकारने का पुलिस का दावा
मामले की जांच के दौरान कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और प्रार्थिया सहित गवाहों के बयान दर्ज किए। इसके बाद संदेह के आधार पर आरोपी आलोक गिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल किए गए लोहे के पाइप, लकड़ी के डंडे, कराकट शीट के टुकड़े और घटनास्थल से मृतिका की टूटी हुई चूड़ी जब्त की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने का दावा करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक विजय गुप्ता तथा आरक्षक डॉक्टर सिदार, परवेज फिरदौशी, विवेक राय और नितिन सिन्हा की सक्रिय भूमिका रही।




















