

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना पुलिस ने पशु क्रूरता और अवैध पशु परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बंद वाहन में क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे दो बैलों को मुक्त कराया तथा परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त किया है।
जानकारी के अनुसार प्रार्थी भगत राम ने थाना शंकरगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात्रि करीब 10:30 बजे कुछ लोग पनसाय के घर के पास एक बंद वाहन में मवेशी लोड कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जहां दो बैलों को चारों पैर एवं गले में प्लास्टिक की रस्सी बांधकर वाहन में ठूंसकर रखा गया था। पुलिस ने रस्सियां काटकर दोनों बैलों को सुरक्षित नीचे उतारा।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी बैलों को अवैध रूप से कटाई के उद्देश्य से वाहन में भरकर झारखंड ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने मौके से लगभग 20 हजार रुपये मूल्य के दो बैलों तथा घटना में प्रयुक्त सिल्वर रंग का टाटा सूमो वाहन क्रमांक JH-01-AJ-4249 को जब्त किया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर फिरतु नायक पिता कोरवा नायक(40 वर्ष), पनसाय नायक पिता नंदू नायक(52 वर्ष) तथा विजय नायक पिता पनसाय नायक (30 वर्ष), सभी निवासी बरपतरापारा (जनमती), थाना शंकरगढ़ तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





















