अंबिकापुर: सरगुजा जिले के अमड़ी गांव में सरकारी स्कूल परिसर की जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मचारी पर स्कूल परिसर के भीतर स्थित सरकारी भूमि पर कब्जा कर मकान निर्माण कराने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर सैकड़ों ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और स्कूल परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ कर्मचारी स्वयंबर सिंह  ने सरकारी स्कूल के परिसर की जमीन पर कब्जा कर मकान बना लिया है। इससे स्कूल के छात्रों और शिक्षकों को आने-जाने सहित अन्य गतिविधियों में परेशानी होने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने वाला है, ऐसे में यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बच्चों की पढ़ाई और स्कूल संचालन प्रभावित हो सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले में प्रशासन द्वारा पहले ही अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक जमीन को कब्जामुक्त नहीं कराया जा सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदेश जारी होने के बाद भी तहसील स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।

कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल परिसर की सरकारी भूमि को तत्काल अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने यह भी मांग उठाई कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा नियमों का उल्लंघन कर सरकारी जमीन पर कब्जा किया गया है तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल बच्चों के भविष्य का केंद्र है और उसकी जमीन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्कूल परिसर को सुरक्षित रखने और बच्चों के हितों की रक्षा करने की अपील की है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!