
अंबिकापुर: अंबिकापुर शहर के पटपरिया इलाके में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा की आत्महत्या के मामले में गांधीनगर पुलिस ने NSUI छात्र नेता ज्ञान तिवारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान छात्रा को रोक-टोक करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के तथ्य सामने आए हैं। आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के आरोप में कार्रवाई की गई है।
जानकारी के मुताबिक छात्रा अंबिकापुर में अपने जीजा के घर रहकर पीजी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। 12 सितंबर को उसने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना की सूचना मिलने के बाद गांधीनगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की और शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया।जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा के परिजनों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने छात्र नेता ज्ञान तिवारी पर छात्रा को मानसिक रूप से परेशान करने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया। परिजनों के मुताबिक आरोपी के पास छात्रा की कुछ चैट और वीडियो थे, जिन्हें लेकर वह उसे कथित तौर पर परेशान करता था।पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की पहचानज्ञान प्रकाश तिवारी उर्फ ज्ञान तिवारी (27), पिता रामेश्वर तिवारी, निवासी मुक्तिपारा, थाना गांधीनगर के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।मामले की जांच गांधीनगर थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




















