

बलरामपुर: बलरामपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार 17 मई की रात करीब 1 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल से गढ़वा से अंबिकापुर की ओर भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन लेकर जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर जांच शुरू की।इसी दौरान रामानुजगंज की ओर से आ रही एक बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन बाइक सवार तेज रफ्तार से भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया, जिसमें एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे युवक को बाइक और संदिग्ध सामग्री के साथ पकड़ लिया गया।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 481 नग Buprenorphine इंजेक्शन और 504 नग Pheniramine Maleate इंजेक्शन बरामद किए गए। पुलिस ने सभी इंजेक्शन जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल गुप्ता (25 वर्ष) निवासी ग्राम नर्मदापुर, थाना कमलेश्वरपुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।





















