

चंद्रपुर: जिले के भिसी थाना क्षेत्र में मानवता को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत दंपति की लापरवाही के चलते उनका चार महीने का मासूम चलती बाइक से सड़क पर गिर गया। हैरानी की बात यह रही कि माता-पिता को करीब 700 मीटर तक इस बात का एहसास ही नहीं हुआ कि उनका बच्चा पीछे सड़क पर छूट गया है। राहगीरों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मासूम की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, भिसी बायपास मार्ग स्थित माउली ढाबा के पास फूलचंद राउत और उनकी पत्नी मीरा राउत अपने चार महीने के बेटे और ढाई वर्षीय बेटी के साथ दोपहिया वाहन से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान मां की गोद में बैठा चार महीने का शिशु अचानक सड़क पर गिर गया, लेकिन नशे की हालत में होने के कारण दंपति को इसकी भनक तक नहीं लगी और वे आगे बढ़ते रहे।
करीब 700 मीटर आगे जाने के बाद उनकी बाइक भी अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे पति-पत्नी और उनके साथ मौजूद ढाई वर्षीय बच्ची सड़क पर गिर पड़े। इसके बावजूद उन्हें यह एहसास नहीं हुआ कि उनका चार महीने का बेटा पीछे सड़क पर गिर चुका है।
इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे राहगीरों की नजर सड़क पर पड़े मासूम पर पड़ी। उन्होंने तुरंत भिसी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मंगेश भोंगडे, पुलिस उपनिरीक्षक रविंद्र वाघ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे को केवल मामूली चोटें आई हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सड़क की खराब स्थिति और माता-पिता के अत्यधिक नशे में होने के कारण उन्हें बच्चे के गिरने का पता ही नहीं चल सका। इस घटना ने एक बार फिर शराब पीकर वाहन चलाने की गंभीरता को उजागर किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और राहगीरों की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया।




















