
इंदौर : खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम दुधिया में एक महिला की एसिड पीने के बाद मौत हो गई। घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पति ने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ कमरे में देखा था। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और पति ने पत्नी को डांट दिया।विवाद के बाद पति घर से चला गया। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो पत्नी की हालत बिगड़ी हुई थी। पूछताछ करने पर महिला ने एसिड पीने की बात बताई।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
महिला की पहचान 31 वर्षीय रानू के रूप में हुई है। हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। महिला ने एसिड किन परिस्थितियों में और कहां से लिया, इस संबंध में भी जांच की जा रही है।
पति ने पुलिस को बताई विवाद की पूरी कहानी
पति के मुताबिक, वह घर पहुंचा तो रानू कमरे में आशीष नाम के युवक के साथ मौजूद थी। इसे लेकर उसने पत्नी से नाराजगी जताई और दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद पति अपनी एक बेटी को लेकर घर से चला गया।जब वह कुछ देर बाद वापस आया तो रानू की तबीयत काफी बिगड़ी हुई थी। पूछने पर उसने एसिड पीने की जानकारी दी, जिसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
नौ साल पहले हुई थी शादी, दो बेटियां हैं
पुलिस के अनुसार, रानू और उसके पति की शादी करीब नौ साल पहले हुई थी। दंपती की दो बेटियां हैं। महिला का पति दुधिया क्षेत्र की एक कीटनाशक कंपनी में काम करता है।जिस युवक आशीष का नाम सामने आया है, वह भी दुधिया इलाके का रहने वाला बताया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों और महिला के इस कदम के पीछे की वास्तविक वजहों की जांच कर रही है।




















