
मध्य प्रदेश : अनूपपुर जिले के अमरकंटक थाना क्षेत्र स्थित बैंक टोला में पति-पत्नी के विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। खाना समय पर नहीं मिलने की बात पर हुए विवाद में पति ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के अगले दिन आरोपी पति ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पत्नी पर हमले के मामले में अपराध दर्ज कर लिया है, जबकि आत्महत्या के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
रात में शुरू हुआ विवाद, पत्नी पर किया जानलेवा हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 37 वर्षीय धनसिंह उरेती मूल रूप से सरईटोला गिरारी का निवासी था और वर्तमान में बैंक टोला के वार्ड क्रमांक 11 में रहकर मजदूरी करता था। 18 अगस्त की रात करीब 10.30 बजे वह शराब के नशे में घर पहुंचा। इसी दौरान पत्नी पार्वती बाई से खाना समय पर नहीं मिलने को लेकर विवाद शुरू हो गया।विवाद बढ़ने पर धनसिंह ने कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के चेहरे पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के वार से पार्वती बाई के बाएं गाल और कान के पास गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गई।
रोने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी, फिर अस्पताल पहुंची घायल पत्नी
रात करीब 11 बजे घर से रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी सुमन मौके पर पहुंचे। वहां पार्वती बाई घायल अवस्था में मिली। इसके बाद परिजनों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरकंटक ले जाया गया।प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर कर दिया।
पुलिस कार्रवाई के डर के बीच अगले दिन उठाया खौफनाक कदम
पत्नी पर हमले के बाद धनसिंह को पुलिस कार्रवाई और जेल जाने का डर सताने लगा। अगले दिन यानी 19 अगस्त की सुबह करीब 11.30 बजे घर पहुंची उसकी बेटी ने धनसिंह को फांसी के फंदे पर लटका देखा।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
आए दिन होता था पति-पत्नी के बीच विवाद
पुलिस के मुताबिक, धनसिंह शराब का सेवन करता था और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनती रहती थी। हालांकि उसने आत्महत्या क्यों की, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




















