

करीब 17 साल पहले रिलीज हुई आमिर खान की सुपरहिट फिल्म 'थ्री इडियट्स' एक बार फिर बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही है। हाल के दिनों में फिल्म की चर्चा अचानक तेज हो गई है, जिसके बाद निर्माताओं ने इसे दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला लिया है।
सोशल मीडिया पर फिर छाई फिल्म
दिल्ली में नीट परीक्षा लीक मामले को लेकर चल रहे प्रदर्शन और सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल के बाद सोशल मीडिया पर 'थ्री इडियट्स' के कई दृश्य तेजी से वायरल होने लगे। कई लोगों ने फिल्म के मुख्य किरदार की तुलना सोनम वांगचुक से की। हालांकि आमिर खान पहले ही साफ कर चुके हैं कि फिल्म बनने के समय उनकी सोनम वांगचुक से कोई मुलाकात या परिचय नहीं था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म अब 4 सितंबर 2026 को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
रिलीज के साथ मिलेगा कड़ा मुकाबला
इस बार 'थ्री इडियट्स' की राह आसान नहीं होगी। जिस दिन यह फिल्म दोबारा रिलीज होगी, उसी दिन रवि किशन, पंकज त्रिपाठी और अली फजल की फिल्म 'मिर्जापुर: द मूवी' भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी। इसके अलावा एक सप्ताह बाद अक्षय कुमार और सैफ अली खान की फिल्म 'हैवान' भी रिलीज होने वाली है। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला काफी दिलचस्प रहने की उम्मीद है।
पहली रिलीज में बनाया था कमाई का रिकॉर्ड
साल 2009 में रिलीज हुई 'थ्री इडियट्स' ने पहले ही दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 12.78 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। शुरुआती वीकेंड में फिल्म की कमाई 40.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसने 202.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि दुनियाभर में फिल्म का कुल कलेक्शन लगभग 400 करोड़ रुपये रहा। आज भी इसे भारतीय सिनेमा की सबसे सफल और लोकप्रिय फिल्मों में गिना जाता है।











