Asaram Bapu Ujjain Visit: नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे आसाराम बापू एक बार फिर मध्य प्रदेश के उज्जैन पहुंचे हैं। हाईकोर्ट से पैरोल मिलने के बाद वे शासकीय धन्वंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में उपचार करा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, पिछले दो दिनों से वे लगातार अस्पताल आ रहे हैं, जहां आयुर्वेद की पंचकर्म पद्धति से उनका इलाज किया जा रहा है। उनके उज्जैन पहुंचने की खबर के बाद समर्थकों की गतिविधियां भी तेज हो गई हैं।

धन्वंतरि अस्पताल में चल रहा पंचकर्म उपचार

बताया जा रहा है कि आसाराम बापू का इलाज अस्पताल के डॉक्टर नरेंद्र मिश्रा की देखरेख में किया जा रहा है। गुरुवार सुबह उनका काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल पहुंचा। यहां उन्होंने करीब डेढ़ घंटे बिताए।शुक्रवार को भी उनके अस्पताल आने का कार्यक्रम बताया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, पंचकर्म उपचार के लिए उन्हें लगभग एक सप्ताह तक प्रतिदिन अस्पताल आना होगा।

मार्च 2025 में भी उपचार के लिए आए थे उज्जैन

आसाराम बापू इससे पहले मार्च 2025 में भी इसी आयुर्वेदिक चिकित्सालय में इलाज कराने पहुंचे थे। उस समय भी उन्होंने आयुर्वेदिक पद्धति से उपचार कराया था। इस बार उनके शरद पूर्णिमा तक उज्जैन में रुकने की संभावना जताई जा रही है।हालांकि, उनके प्रवास की अवधि को लेकर अंतिम जानकारी सामने आना बाकी है।

अंकपात रोड स्थित आश्रम में बढ़ी हलचल

आसाराम बापू के उज्जैन पहुंचने की खबर फैलने के बाद अंकपात रोड स्थित उनके आश्रम में चहल-पहल बढ़ गई है। बड़ी संख्या में उनके अनुयायी और समर्थक आश्रम पहुंच रहे हैं। आश्रम के बाहर भी लोगों की भीड़ देखी जा रही है।वहीं, भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी सतर्क हैं, ताकि व्यवस्था बनी रहे।

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में काट रहे उम्रकैद की सजा

गौरतलब है कि आसाराम बापू को राजस्थान के जोधपुर की अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वह लंबे समय से जेल में बंद हैं। स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए उन्हें समय-समय पर पैरोल या अन्य कानूनी राहत मिलती रही है।इस बार पैरोल मिलने के बाद वे उपचार के लिए उज्जैन पहुंचे हैं। फिलहाल, उनका धन्वंतरि आयुर्वेदिक चिकित्सालय में पंचकर्म उपचार जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!