
सूरजपुर: सूरजपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये कीमत का 238 किलो 290 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजा को प्लास्टिक दाना की बोरियों के बीच छिपाकर उड़ीसा से उत्तरप्रदेश ले जाने की तैयारी की थी। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को थाना चंदौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घाटपेण्डारी के मुख्य घाट में ट्रक क्रमांक यूपी 13 टी 5497पलट गया है। ट्रक को क्रेन की मदद से उठवाने के साथ उसमें लदे प्लास्टिक दाना की बोरियों को एकत्र किया जा रहा है। सूचना में यह भी बताया गया कि ट्रक से बिखरे कुछ सामान को सड़क से कुछ दूरी पर एक गड्ढे में रखकर प्लास्टिक तिरपाल से ढंक दिया गया है और उसे किसी को देखने नहीं दिया जा रहा है।सूचना को गंभीरता से लेते हुए चंदौरा पुलिस की टीम तत्काल घाटपेण्डारी पहुंची। मौके पर क्षतिग्रस्त ट्रक खड़ा मिला और आसपास प्लास्टिक दाना की बोरियां बिखरी हुई थीं। हालांकि मौके पर ट्रक चालक या कोई अन्य व्यक्ति नहीं मिला। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली तो सड़क किनारे गड्ढे में तिरपाल से ढंककर रखी गई 9 बोरियां बरामद हुईं। जांच करने पर इनमें कुल 238 किलो 290 ग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 19 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजे के अलावा घटना में प्रयुक्त टाटा कंपनी के 12 चक्का ट्रक को भी जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है। वहीं ट्रक में लदी 19 बड़ी बोरियों में प्लास्टिक दाना भी बरामद किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
उड़ीसा से लखनऊ ले जा रहे थे गांजा
विवेचना के दौरान पुलिस ने फरार आरोपी सुनील कुमार पिता लक्ष्मण सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी इन्द्रानगर खैरी रोड, थाना देहली गेट, जिला अलीगढ़ (उत्तरप्रदेश) की तलाश शुरू की। दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि ट्रक अलीगढ़ निवासी उसके साथी के नाम पर पंजीकृत है और वह साझेदारी में ट्रक की देखरेख करता था।आरोपी के अनुसार, ट्रक में हाथरस निवासी चालक के माध्यम से उड़ीसा से प्लास्टिक दाना के साथ गांजा लोड कराया गया था, जिसे लखनऊ उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था। 29 सितंबर 2026 को घाटपेण्डारी घाट में ट्रक पलटने के बाद गांजा को सड़क किनारे गड्ढे में छिपाकर तिरपाल से ढंक दिया गया था।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत लिया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदौरा लक्ष्मण सिंह धुर्वे, प्रधान आरक्षक शैलेष सिंह, भगवत दयाल पैकरा तथा आरक्षक अभय तिवारी, अवधेश कुशवाहा, सूरज पाटिल, विजय गुप्ता, कमलेश यादव, अमृतलाल जगत, अशोक कुमार और मनोज राजवाड़े की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















