रायगढ़/ खरसिया: नगर में लगातार गहराते जल संकट को लेकर बुधवार को लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) खरसिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षदों, महिलाओं और बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने जनआक्रोश रैली निकालकर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। रैली में शामिल महिलाएं खाली मटके लेकर सड़कों पर उतरीं और नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर पालिका के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग उठाई।

रैली में शामिल महिलाओं ने अपनी समस्याएं बताते हुए कहा कि नगर के कई वार्डों में नियमित रूप से पानी नहीं मिल रहा है। वार्ड क्रमांक 2 सहित कई क्षेत्रों की महिलाओं ने आरोप लगाया कि उन्हें पानी भरने के लिए दूसरे वार्डों में जाना पड़ता है, लेकिन वहां भी कई बार पानी भरने नहीं दिया जाता। महिलाओं के अनुसार कुछ स्थानों पर आंगनबाड़ी केंद्रों के पास पानी लेने जाने पर उन्हें यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि यह उनके वार्ड का पानी नहीं है। इससे रोजाना विवाद और परेशानी की स्थिति बन रही है।

महिलाओं ने बताया कि पानी की कमी के कारण कई परिवार तालाब और कुएं का पानी पीने को मजबूर हैं। दूषित पानी के उपयोग से बच्चों में खुजली सहित अन्य बीमारियों की शिकायतें बढ़ रही हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है।

कांग्रेस द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में नगर के 18 वार्डों में व्याप्त जल संकट का विस्तार से उल्लेख किया गया। ज्ञापन के अनुसार वार्ड क्रमांक 1 के नया मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 2 के शीतला माता मंदिर क्षेत्र, गोड़ मोहल्ला, सिदार पारा और पंचवटी होटल के पीछे का इलाका, वार्ड क्रमांक 3 में धनसाय और रवि साहू के घर के आसपास का क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 4 का हरिजन मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 5 की हाजी कॉलोनी और दर्जी मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 6 का केंवटा मोहल्ला, पनखटिया पार और सिविल लाइन, वार्ड क्रमांक 7 का मटखनवा पार, वार्ड क्रमांक 9 का पारा क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 10, 11, 13, 14, 16, 17 और 18 के कई हिस्सों में गंभीर जल संकट की स्थिति बनी हुई है।

ज्ञापन में कहा गया कि नगर पालिका द्वारा मात्र आठ टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करने का प्रयास किया जा रहा है, जो नगर की आबादी और आवश्यकता के अनुरूप पर्याप्त नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पानी के अलावा नगर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। पुरानी बस्ती और ठाकुरदिया क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं हो रही है। कई सड़कों की स्थिति खराब है और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी प्रभावित है।

कांग्रेस ने विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। ज्ञापन में कहा गया कि कई नालियां पहली बारिश में ही बह गईं, कुछ स्थानों पर स्वीकृत दिशा के विपरीत नाली निर्माण किया गया है। चौपाटी निर्माण, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और अन्य विकास कार्यों की जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई है। साथ ही जाम नालियों की तत्काल सफाई और नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग रखी गई।

रैली नगर पालिका कार्यालय पहुंचने पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष बंटी सोनी भी नगरपालिका की ओर से मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल संकट और अन्य बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी।

प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। एसडीओपी प्रभात पटेल के नेतृत्व में खरसिया थाना, चौकी जोबी, चौकी छाल तथा भूपदेवपुर पुलिस के प्रभारी और पुलिस बल पूरे समय मौके पर तैनात रहे। पुलिस की निगरानी में जनआक्रोश रैली और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!