सूरजपुर: सूरजपुर जिले के बसदेई चौकी क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला अब पुलिस जांच के दायरे में पहुंच गया है। ग्राम बांसापारा में एक व्यक्ति द्वारा हाथ में तलवार लहराकर धमकी देने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 351(3) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम गंगोटी कुम्हारपारा निवासी बाबी देवांगन ने आरोप लगाया है कि उनके चाचा ससुर लक्ष्मण देवांगन ने जमीन विवाद को लेकर 9 जुलाई 2026 को खेत में पहुंचकर हाथ में लोहे की तलवार लहराई, सार्वजनिक रूप से गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी।शिकायत में बताया गया है कि ग्राम बांसापारा स्थित लगभग 47 डिसमिल भूमि उनके पुत्र दीपक देवांगन के नाम दर्ज है, जिसका सीमांकन 15 जून 2026 को राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कराया गया था। इसके बावजूद आरोपी कथित रूप से उक्त जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए खेती कर रहा है।

महिला के अनुसार घटना के दिन वह अपनी बेटी उषा और पुत्र सुमित के साथ ट्रैक्टर से खेत में जुताई-बुवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी अपनी पत्नी के साथ वहां पहुंचा और कथित तौर पर तलवार लहराते हुए जमीन को अपनी बताते हुए किसी भी व्यक्ति के खेत में प्रवेश करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे परिवार के सदस्य भयभीत हैं।घटना से जुड़ा तलवार लहराने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के दौरान वायरल वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

बसदेई चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों के बयान, वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!