

बलरामपुर: नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के नवनियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को काका लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। आदिम जाति विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, मछली पालन तथा पशुपालन विभाग के मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में नव नियुक्त एल्डरमैनों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर नगर के समग्र विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री रामविचार नेताम ने नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सभी एल्डरमैन नियमित रूप से प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं को सुनें, उनके त्वरित निराकरण का प्रयास करें तथा नगर पालिका परिषद के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि सभी एल्डरमैन जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के अध्यक्ष रमन जायसवाल ने भी नवनियुक्त एल्डरमैनों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रिय सहयोग से नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप बेहतर कार्य किए जा सकेंगे।
शासन द्वारा नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के लिए सुभाष केशरी, मोहन गुप्ता, जय प्रकाश केशरी, सीमा रवि एवं अनूप कश्यप को एल्डरमैन के रूप में नियुक्त किया गया है। सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों ने विधिवत शपथ ग्रहण कर अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जनहित की भावना के साथ करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनि निकुंज, नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जिला पंचायत सदस्य मुंशी राम सांडिल्य एवं बद्री यादव, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, एसडीएम आनंद राम नेताम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रणवीर साय, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।











