अम्बिकापुर: छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में खराब सड़क को लेकर वार्डवासियों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया, जिसकी पूरे शहर में चर्चा हो रही है। वार्ड क्रमांक 43 के रहवासियों ने एक साल पहले बनी जर्जर सड़क का “जन्मदिन” मनाते हुए बीच सड़क पर केक काटा और राहगीरों में बांटा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के महज एक वर्ष के भीतर ही सड़क पूरी तरह खराब हो गई है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और नाली सफाई की मांग उठाई।

वार्डवासियों ने आरोप लगाया कि खराब सड़क को सुधारने के बजाय अच्छी स्थिति में मौजूद सीसी रोड पर दोबारा डामरीकरण कराया जा रहा है, जो संसाधनों की बर्बादी है। उन्होंने इस कार्य में अनियमितता और लापरवाही की भी आशंका जताई।

इस अनोखे विरोध के जरिए स्थानीय लोगों ने नगर निगम पार्षद और महापौर का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की है। फिलहाल, इस प्रदर्शन की चर्चा पूरे शहर में हो रही है और लोग इसे प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का अनोखा तरीका मान रहे हैं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!