

लखनपुर/ प्रिंस सोनी: सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड में महतारी वंदन योजना के तहत ई-केवाईसी के नाम पर हितग्राहियों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। शासन के स्पष्ट निर्देश के बावजूद CSC सेंटर संचालकों द्वारा ग्रामीणों से 20 से 100 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। सबसे गंभीर मामला ग्राम अरगोती का है, जहां सैकड़ों हितग्राहियों से 50-50 रुपए लिए जाने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों को बिना बाधा लाभ दिलाने के लिए ई-केवाईसी प्रक्रिया को पूरी तरह निःशुल्क रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद अरगोती स्थित CSC सेंटर में ग्रामीणों से पैसे वसूले जा रहे हैं। ग्रामीणों ने इस संबंध में सरपंच, सचिव और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत भी की, लेकिन समझाइश के बाद भी वसूली जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई के अभाव में CSC संचालकों के हौसले बुलंद हैं और वे भोले-भाले ग्रामीणों से खुलेआम पैसे ले रहे हैं। वनांचल क्षेत्र के अरगोती, तपता, सुगाआमा, बीनिया, पटकुरा, डोडाकेसरा और जीविलिया जैसे गांवों में रहने वाले पहाड़ी कोरवा, पंडो और मझवार जनजाति के लोग जानकारी के अभाव में इस वसूली का शिकार हो रहे हैं।
इस मामले में अरगोती CSC सेंटर के संचालक अशोक खेस ने भी स्वीकार किया है कि ई-केवाईसी के लिए 50 रुपए लिए गए। उन्होंने बताया कि शुरुआत के दो-तीन दिन निशुल्क केवाईसी की गई थी, लेकिन अन्य गांवों के संचालकों को ऐसा करते देख उन्होंने भी शुल्क लेना शुरू कर दिया, जबकि प्रशिक्षण के दौरान इसे निःशुल्क रखने के निर्देश मिले थे।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी सिर्फ जांच तक ही सीमित रह जाएगा।

































