रायपुर : राजधानी रायपुर में एक ज्वेलरी कारोबारी के साथ विश्वासघात का मामला सामने आया है। दुकान में आभूषण तैयार करने के लिए नियुक्त कारीगर को 60 ग्राम कच्चा सोना सौंपा गया था, लेकिन वह कीमती धातु लेकर गायब हो गया। कई महीनों तक फरार रहने के बाद पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया।

7.80 लाख रुपए का सोना लेकर गायब हुआ कारीगर

पुलिस के अनुसार नया पारा स्थित शंकर चौक में ज्वेलरी निर्माण का काम करने वाले कारोबारी नंदकिशोर सोनी ने अपने कारीगर राजू डोलाई को करीब 60 ग्राम कच्चा सोना दिया था। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर का रहने वाला राजू दुकान में पिछले करीब दो वर्षों से काम कर रहा था। उसे आभूषण तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन सोना लेने के बाद वह अचानक लापता हो गया। चोरी किए गए सोने की कीमत लगभग 7.80 लाख रुपए बताई गई है।

बीमारी का बहाना बनाकर नहीं लौटा काम पर

घटना के अगले दिन आरोपी ने तबीयत खराब होने की बात कहकर छुट्टी ली और फिर दोबारा दुकान नहीं पहुंचा। जब उसके ठिकाने पर तलाश की गई तो वह वहां भी नहीं मिला। इसके बाद दुकान में रखी उसकी अलमारी की जांच की गई, जहां से पूरा कच्चा सोना गायब मिला। मामले की शिकायत जनवरी 2026 में गोलबाजार थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

तकनीकी जांच से मिला आरोपी का सुराग

लंबे समय तक फरार रहने के दौरान पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों और मोबाइल से जुड़े तकनीकी इनपुट का विश्लेषण किया। जांच के दौरान उसके राजस्थान के जोधपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद गोलबाजार थाना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

40 ग्राम सोना और मोबाइल बरामद

पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और एक मोबाइल फोन बरामद किया। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 4.70 लाख रुपए आंकी गई है। हालांकि चोरी किए गए 20 ग्राम सोने का अभी तक पता नहीं चल पाया है।

बाकी सोने और संभावित सहयोगियों की तलाश जारी

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि शेष सोना कहां बेचा गया या छिपाया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है और आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!