

जशपुर: जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगीबहार में बेटे द्वारा अपने पिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने विवाद के दौरान घर में रखे सील-लोढ़ा से अपने पिता के सिर पर वार किया था, जिसके बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक कृष्णा सिंह के भतीजे योगादर सिंह ने 6 अगस्त को घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर वह तत्काल कृष्णा सिंह के घर पहुंचा, जहां कृष्णा सिंह खटिया पर बेहोशी की हालत में पड़े थे। उनके नाक, मुंह और कान से खून निकल रहा था। मौके पर आरोपी सूरज सिंह भी मौजूद था।परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से घायल कृष्णा सिंह को शासकीय अस्पताल केरासई पहुंचाया। वहां से उन्हें कुनकुरी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक कार्रवाई कुनकुरी थाना पुलिस ने की, जिसके बाद मामला तपकरा थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी तपकरा पुलिस को भेजी गई।पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 7 अगस्त को आरोपी सूरज सिंह (32), निवासी ग्राम सिंगीबहार, चौकी ऊपर कछार, थाना तपकरा को हिरासत में लिया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका पिता कथित तौर पर झगड़ालू प्रवृत्ति का था और आए दिन घर व बाहर विवाद करता रहता था। घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने आवेश में आकर घर में रखे सील-लोढ़ा से पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त सील-लोढ़ा भी बरामद कर जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में तपकरा थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप कौशिक, ऊपर कछार चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक भुनेश्वर भगत, प्रधान आरक्षक अजय कुमार लकड़ा तथा आरक्षक दिलीप खलखो, सोनू सिंह और अमेश पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











