

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है। प्रदेश के कई हिस्सों में आज भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक 1 जून से अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि इसे सामान्य श्रेणी में ही माना जा रहा है।
बारिश ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी
लगातार बारिश का असर ग्रामीण इलाकों में साफ दिखाई दे रहा है। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के खासरपारा में बारिश के कारण कच्ची सड़कें जलमग्न हो गई हैं। खासरपारा से टेकनपारा के बीच सड़क पर पानी भर जाने से आवाजाही मुश्किल हो गई है।सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। बच्चों को स्कूल जाने के लिए कमरभर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सड़क पर भरे पानी के बीच रोजाना आवाजाही करना बच्चों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गई है, जिससे कभी भी हादसा हो सकता है।
तापमान में भी उतार-चढ़ाव
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।











