

बलरामपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप संचालित सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विकासखंडस्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है इसी कड़ी में जनपद पंचायत रामचंद्रपुर में अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम के नेतृत्व में सर्वेक्षण कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर पात्र हितग्राहियों का सर्वेक्षण करने, जानकारी के सही संकलन तथा निर्धारित प्रपत्रों एवं डेटा प्रविष्टि की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि अभियान का उद्देश्य शासन की 31 जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना है। इसके लिए सर्वे दलों को पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षकों ने सर्वे के दौरान आवश्यक सावधानियों, दस्तावेजों के सत्यापन, निर्धारित समय-सीमा का पालन तथा प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को त्रुटिरहित ढंग से दर्ज करने और समन्वय के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया ।
गौरतलब है कि अभियान के अंतर्गत चरणबद्ध रूप से प्रशिक्षण, सर्वेक्षण एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।प्रशिक्षण में जनपद सीईओ रणवीर साय, मास्टर ट्रेनर ज्ञानेंद्र सिंह, नवरंग सिंह, जनपद पंचायत के अधिकारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, सर्वे दल के सदस्य एवं संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।











