अंबिकापुर: सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर डाँड़गांव के पास तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप वाहन मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि शव को वाहन से बाहर निकालने के लिए पुलिस को कटर मशीन का सहारा लेना पड़ा।

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन क्रमांक CG04 QN 5108 में आम लोड कर रायपुर से बिहार के छपरा की ओर जा रहा था। वाहन को गुलाब मोहम्मद चला रहा था, जबकि उसका साला खुशी अली (30 वर्ष) खलासी सीट पर बैठा हुआ था। खुशी अली बिहार का निवासी था और रायपुर में अपने मामा के घर रहकर पिकअप वाहन संचालन का कार्य करता था।

बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह करीब 5 बजे डाँड़गांव स्थित प्रिंस ढाबा के पास ओवरटेक करने के दौरान पिकअप की किसी अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि खलासी सीट पर बैठे खुशी अली वाहन के बॉडी हिस्से में बुरी तरह फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही उदयपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शव निकालने में काफी दिक्कत हुई। बाद में ग्राइंडर कटर से वाहन का हिस्सा काटकर शव को बाहर निकाला गया।

हादसे में चालक गुलाब मोहम्मद को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। उदयपुर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!