

छेंड: छेंड थाना क्षेत्र में एसी की मरम्मत के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ऊंचाई पर काम कर रहे एसी मैकेनिक अचानक नीचे गिर गए, जिससे उनकी गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है और मृतक के परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
मृतक की पहचान आरडीए बिल्डिंग निवासी शहाबुद्दीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार शहाबुद्दीन एक मकान में एसी की मरम्मत का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और उनके साथी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां बनीं, जिनके कारण मो. शहाबुद्दीन ऊंचाई से गिर गए। मामले की वास्तविक वजह सामने आनी चाहिए और यदि किसी की लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं, घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। फिलहाल छेंड पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











