बलरामपुर।जिले में शासकीय भूमि की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा.) वाड्रफनगर के मार्गदर्शन में बुधवार को विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम कोटराही में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए लगभग 3 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान नियमानुसार अतिक्रमण हटाते हुए शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त किया गया। इसके बाद भूमि की स्पष्ट पहचान सुनिश्चित करने एवं भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से जेसीबी मशीन की सहायता से सीमांकन संबंधी गड्ढे खुदवाकर भूमि की मार्किंग भी कराई गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित लोगों को शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करने तथा सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण करने की समझाइश भी दी। साथ ही बताया गया कि शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान संयुक्त कार्रवाई में तहसीलदार, नायब तहसीलदार,एसडीओपी, थाना प्रभारी बसंतपुर, चौकी प्रभारी वाड्रफनगर, संबंधित राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!