बलरामपुर: ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लक्ष्योन्मुखी प्रगति तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने जनपद पंचायत रामचन्द्रपुर में समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, वीबी जी रामजी सहित अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिला पंचायत सीईओ डॉ. चतुर्वेदी ने अधिकारियों से योजनावार प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा नियमित मैदानी निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से विकास कार्यों की सतत निगरानी करते हुए शासन की मंशानुरूप परिणाम सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता के साथ कार्य करने को कहा।

समीक्षा बैठक के उपरांत जिला पंचायत सीईओ ने तांबेश्वरनगर का भ्रमण कर आंगनबाड़ी केंद्र तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत निर्माणाधीन एवं पूर्ण आवासों का निरीक्षण किया। साथ ही हितग्राहियों से चर्चा कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आवास निर्माण की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जनपद सीईओ  रणवीर साय,  संजय यादव सहायक परियोजना अधिकारी वीबी जी राम जी,  दीवाकर गुप्ता जिला समन्वयक प्रधानमंत्री आवास तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!