

बलरामपुर: संचार टुडे सीजी-एमपी न्यूज़ में 597 करोड़ की सड़क पर चलना मुश्किल, स्कूली बच्चे और बाइक चालक गिर रहे हैं प्रतिदिन, विभाग बेपरवाह" शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित खबर का असर हुआ है। खबर प्रकाशित होने के बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बरियों मार्ग पर आवागमन सुचारू करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर के निर्देश के बाद संबंधित विभाग हरकत में आया और ग्राम बरियों के समीप निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर कीचड़ और दलदल से प्रभावित हिस्से में जीएसबी बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि आमजन, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों की सुविधा को देखते हुए मार्ग को जल्द सुरक्षित और सुगम बनाया जा रहा है।
एसडीओ निखिल लकड़ा ने बताया कि पुल-पुलिया के एप्रोच रोड पर डब्ल्यूएमएम लेयर का कार्य लगातार बारिश के कारण प्रभावित हुआ है। भारी वाहनों के आवागमन से कुछ स्थानों पर सड़क खराब होने और वाहन फंसने की स्थिति बन रही थी। मौसम अनुकूल होते ही मिट्टी हटाकर डब्ल्यूएमएम का कार्य प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा।
गौरतलब है कि संचार टुडे ने अपनी खबर में सड़क निर्माण की बदहाल स्थिति, रोजाना हो रही दुर्घटनाओं, स्कूली बच्चों और बाइक चालकों की परेशानी, अधिकारियों की कथित लापरवाही तथा निर्माण कार्य में अनियमितताओं के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। खबर के प्रकाशन के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुधार कार्य शुरू करा दिया है।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी मरम्मत नहीं, बल्कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता, नियमित निगरानी और ठेकेदार की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। फिलहाल प्रशासन द्वारा शुरू किए गए सुधार कार्य से लोगों ने राहत की उम्मीद जताई है।











