जशपुर: जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जाम जूनवानी खारापारा में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मामले में पत्थलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 27 मई 2026 को थाना पत्थलगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम जाम जूनवानी में सुशील खलखो (34 वर्ष) की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर सुशील खलखो मृत अवस्था में मिला। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू की। जानकी लकड़ा की रिपोर्ट पर थाना पत्थलगांव में बीएनएस की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान ग्रामीणों से पूछताछ में सामने आया कि मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध था। इस विवाद को लेकर पूर्व में भी मामला थाने तक पहुंचा था और मृतक को जेल भेजा गया था। करीब डेढ़ माह पहले वह जमानत पर जेल से बाहर आया था।

बताया जा रहा है कि सामाजिक बैठक के बाद आरोपी जयलाल की पत्नी मृतक सुशील खलखो के साथ रहने लगी थी। इसी बात को लेकर आरोपी और उसके परिजन नाराज थे। घटना की रात करीब 11 बजे गांव में विवाद हुआ, जिसके दौरान आरोपी जयलाल एक्का, जयमन एक्का और एक नाबालिग किशोर ने मिलकर सुशील खलखो के साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसका सिर जमीन पर पटकने के बाद पास में पड़े पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जयलाल एक्का (34 वर्ष), जयमन एक्का (36 वर्ष) निवासी ग्राम जाम जूनवानी तथा एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!