

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया है। वहीं आगामी चार दिनों तक प्रदेश में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि 11 मई के बाद मेघगर्जन की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। अगले दो दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, जबकि उसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तरी आंतरिक ओडिशा तक एक द्रोणिका सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश में मौसम में बदलाव बना हुआ है।कल के लिए जारी पूर्वानुमान में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक के साथ वज्रपात तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अगले दिनों में भी कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है।
रायपुर शहर में 9 मई को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।











