

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत विशेष सर्वेक्षण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। जिसके माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना तथा योजनाओं से वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।इसी कड़ी में जनपद पंचायत रामचंद्रपुर में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत विशेष सर्वेक्षण कार्य शुरू किया गया। अभियान के तहत जनपद पंचायत रामचंद्रपुर अंतर्गत सभी 94 ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। सर्वेक्षण के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की 31 हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी संकलित की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी पात्र नागरिक शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
अभियान के अंतर्गत गैप एनालिसिस भी किया जा रहा है। इसके माध्यम से वंचित पात्र परिवारों की पहचान की जाएगी। साथ ही लाभ नहीं मिलने के कारणों का विश्लेषण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र योजनाओं से जोड़ा जा सके।
सर्वेक्षण कार्य को प्रभावी एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों की संयुक्त टीम गठित की गई है, जो घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्रित कर रही है। साथ ही क्लस्टर एवं विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों के माध्यम से सर्वे कार्य की सतत निगरानी की जा रही है।
सर्वे के दौरान रोजगार, राशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी संकलित की जा रही है, जिससे पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जनपद पंचायत सीईओ रणवीर साय ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मैदानी अमले को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से सर्वे पूर्ण करने तथा प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।











