

कोरिया: कोरिया जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने शनिवार को थाना चरचा का प्रथम आकस्मिक भ्रमण एवं निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक श्री राठौर ने थाना परिसर, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, अभिलेखों तथा अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, थाना परिसर की स्वच्छता तथा रिकॉर्ड प्रबंधन की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं गुम इंसान प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर देते हुए विवेचकों को गंभीर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण और निष्पक्ष विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में समयबद्ध कार्रवाई से आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होता है।
श्री राठौर ने थाना स्टाफ की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए फरियादियों के साथ संवेदनशील, शालीन और सम्मानजनक व्यवहार करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित एवं निष्पक्ष निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा महिला, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण के लिए रात्रि गश्त को प्रभावी बनाने, स्थायी वारंटों की तामीली, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने गुंडा एवं बदमाश तत्वों पर सतत निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर भी विशेष जोर दिया।भ्रमण के अंत में पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा, विश्वास और कानून के प्रति सम्मान का वातावरण बनाए रखना है।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक श्याम मधुकर, थाना प्रभारी उप निरीक्षक आनंद सोनी सहित थाना चरचा के विवेचक एवं पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।











