

भोपाल: अपना दल (एस) मध्य प्रदेश में संगठन विस्तार अभियान को तेज गति से आगे बढ़ा रहा है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मध्य प्रदेश प्रभारी आर.बी. सिंह पटेल प्रदेशव्यापी संगठनात्मक दौरे पर हैं। 12 जुलाई से शुरू हुआ उनका यह दौरा 19 जुलाई को भोपाल में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय बैठक के साथ संपन्न होगा।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और नए कार्यकर्ताओं को पार्टी से जोड़ना है। जबलपुर संभाग से शुरू हुआ यह अभियान विभिन्न जिलों में कार्यकर्ता बैठकों, सदस्यता अभियान और संगठनात्मक गतिविधियों के माध्यम से आगे बढ़ रहा है।बुधवार को आर.बी. सिंह पटेल देवास पहुंचे, जहां भीमा चौराहा पर जिला अध्यक्ष लालजी तथा पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। देवास प्रवास के बाद वे उज्जैन के लिए रवाना हुए, जहां शाम को सर्किट हाउस में कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई।
प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई को वे इंदौर में विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों और बैठकों में हिस्सा लेंगे। वहीं 18 जुलाई को भोपाल में जिला कमेटी के सदस्यों के साथ समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश स्तरीय बैठक की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।19 जुलाई को भोपाल में आयोजित होने वाली प्रदेश स्तरीय बैठक को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस बैठक में प्रदेशभर से पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी तथा प्रमुख कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम के भी बैठक में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।राष्ट्रीय महासचिव आर.बी. सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सामाजिक न्याय और पार्टी की विचारधारा को पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भोपाल की बैठक मध्य प्रदेश में संगठन के नए चरण की शुरुआत साबित होगी, जिसमें पार्टी कार्यालय के शुभारंभ, जनसंपर्क अभियान, आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक विस्तार के रोडमैप पर निर्णय लिया जाएगा।पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति पर व्यापक चर्चा की जाएगी।











